Ranchi: झारखंड सरकार अब सरकारी कामकाज को और आसान, तेज और पारदर्शी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नई डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाने की तैयारी में है. इसी को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नई दिल्ली में Google, Microsoft, Oracle, IBM, AWS समेत कई बड़ी टेक कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में इस बात पर चर्चा हुई कि कैसे नई तकनीक की मदद से लोगों को सरकारी सेवाएं जल्दी मिलें, सरकारी योजनाओं की निगरानी बेहतर हो और युवाओं को नई तकनीक की ट्रेनिंग दी जाए.
राज्य के विकास में AI और डिजिटल तकनीक की होगी बड़ी भूमिका
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार चाहती है, कि झारखंड आने वाले समय में तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाए. उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में AI और डिजिटल तकनीक की बड़ी भूमिका होगी. बैठक में Google ने राज्य के 3 से 4 लाख शिक्षकों को AI की ट्रेनिंग देने का प्रस्ताव रखा. इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, एआई आधारित एम्बुलेंस सिस्टम और स्थानीय भाषाओं में AI तकनीक विकसित करने पर भी चर्चा हुई.

कंपनियों ने इन क्षेत्रों में कही सहयोग करने की बात
Microsoft ने सभी सरकारी विभागों के डेटा को एक जगह जोड़ने और AI की मदद से सरकारी कामकाज को और बेहतर बनाने का सुझाव दिया. वहीं Oracle ने युवाओं को नई तकनीक की ट्रेनिंग देने और रोजगार के लिए तैयार करने में सहयोग की बात कही. IBM ने खनन, स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में AI तकनीक उपलब्ध कराने की पेशकश की. वहीं AWS ने सरकारी सेवाओं, शिक्षा और DBT जैसी योजनाओं को और मजबूत बनाने के लिए तकनीकी सहयोग देने की इच्छा जताई.


