Ranchi: ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत MGNREGA/VB G RAM G (Viksit Bharat – Guarantee for Rozgar and Ajeevika Mission) के जिला स्तरीय MIS कर्मियों के लिए दो दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एवं डेटा आधारित डिजिटल टूल्स पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. आयुक्त मृत्युंजय बरणवाल के नेतृत्व में आयोजित इस क्षमता निर्माण कार्यक्रम का उद्देश्य जिला स्तर के MIS कर्मियों को नवीनतम AI तकनीकों और आधुनिक डिजिटल टूल्स से प्रशिक्षित करना है, ताकि वे अपने कार्यों का निष्पादन अधिक प्रभावी, सटीक और दक्षता के साथ कर सकें.
डिजिटल क्षमता निर्माण को मिलेगा बढ़ावा
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की डिजिटल एवं प्रौद्योगिकी आधारित क्षमता निर्माण की सोच के अनुरूप आयोजित किया गया है. इसका मुख्य उद्देश्य विभागीय कर्मियों को नई तकनीकों से सशक्त बनाना है, जिससे वे AI और डेटा आधारित डिजिटल उपकरणों का उपयोग कर कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और कार्यकुशलता को बेहतर बना सकें.

24 जिलों के 55 MIS कर्मी ले रहे हैं प्रशिक्षण
दो दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के सभी 24 जिलों से लगभग 55 जिला स्तरीय MIS कर्मी भाग ले रहे हैं. प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को Looker Studio, NotebookLM, Google AI Studio और Coding for Non-Coders जैसे आधुनिक AI एवं डेटा विश्लेषण आधारित टूल्स का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके अलावा डेटा प्रबंधन, डेटा विश्लेषण, सरकारी डेटा की सुरक्षा, गोपनीयता तथा AI के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी जा रही है.
Read Also: गुमला: टेंडर के बाद भी काम शुरू नहीं, नगर परिषद में जनप्रतिनिधियों ने किया हंगामा
AI के जिम्मेदार उपयोग पर दिया गया विशेष जोर
प्रशिक्षण की शुरुआत ग्रामीण विकास विभाग के AI Support Cell के विनोद कुमार पांडे ने की. उन्होंने AI की संभावनाओं, उसकी सीमाओं और उत्तरदायी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की. साथ ही सरकारी एवं संवेदनशील डेटा की सुरक्षा, गोपनीयता और AI के नैतिक उपयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को AI के Do’s and Don’ts से भी अवगत कराया.
AI विशेषज्ञ नीलम पाठक दे रही हैं व्यावहारिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण में पुणे से आईं AI एवं डेटा विशेषज्ञ नीलम पाठक प्रतिभागियों को विभिन्न डेटा आधारित डिजिटल टूल्स, AI एप्लिकेशन, डेटा विज़ुअलाइज़ेशन तथा AI आधारित कार्य प्रणालियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दे रही हैं. इस प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को ऐसे आधुनिक समाधान सिखाए जा रहे हैं, जिनका उपयोग वे अपने दैनिक कार्यों में दक्षता, सटीकता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए कर सकेंगे.
डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत बनाने की दिशा में अहम पहल
ग्रामीण विकास विभाग के AI Support Cell के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण राज्य में डिजिटल गवर्नेंस को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. विभाग का लक्ष्य है कि MGNREGA/VB G RAM G के MIS कर्मी AI आधारित तकनीकों का प्रभावी उपयोग करते हुए डेटा प्रबंधन, विश्लेषण और निर्णय प्रक्रिया को अधिक मजबूत बनाएं. साथ ही ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तकनीक का बेहतर इस्तेमाल कर विभाग में डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने और भविष्य के लिए तकनीक-सक्षम एवं दक्ष मानव संसाधन तैयार किए जा सकें.


