Click Here
Click Here
Click Here

पलामू विकास की राह में बाधा, सड़क निर्माण ने तोड़ा गांवों का संपर्क, मार्ग पर आवागमन संकट में

Palamu: पलामू जिले के हुसैनबाद विधानसभा क्षेत्र के भजनिया से हैदरनगर तक निर्माणाधीन मुख्य सड़क ग्रामीणों के लिए फिलहाल राहत के बजाय...

पलामू विकास की राह में बाधा, सड़क निर्माण ने तोड़ा गांवों का संपर्क

Palamu: पलामू जिले के हुसैनबाद विधानसभा क्षेत्र के भजनिया से हैदरनगर तक निर्माणाधीन मुख्य सड़क ग्रामीणों के लिए फिलहाल राहत के बजाय बड़ी आफत बन चुकी है. निर्माण कार्य के दौरान परता गांव के समीप पुरानी संपर्क सड़क को काटकर उस पर मिट्टी भर दी गई है, जिससे कबरा कला सहित आसपास के कई गांवों का हैदरनगर मुख्यालय से संपर्क लगभग पूरी तरह टूट गया है. ठेकेदार या विभाग द्वारा किसी भी प्रकार के वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं किए जाने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने नई सड़क को पूरी तरह तैयार किए बिना ही पुराने चालू मार्ग को बंद कर दिया. इस लापरवाही के कारण अस्पताल जाने वाले गंभीर मरीजों, स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों, रोज कमाने-खाने वाले मजदूरों और स्थानीय किसानों-व्यापारियों की परेशानी कई गुना बढ़ गई है. अब लोगों को मजबूरी में कई किलोमीटर की लंबी दूरी तय कर दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और पैसे दोनों का भारी नुकसान हो रहा है.

बरसात ने बढ़ाई आफत, हादसे का डर

वर्तमान में बरसात का मौसम होने के कारण स्थिति और भी ज्यादा गंभीर हो गई है. सड़क के कटे हुए हिस्से पर मिट्टी डाले जाने की वजह से वहां भारी कीचड़ जमा हो गया है, जिससे रास्ता पूरी तरह दलदल में तब्दील हो चुका है. इस रास्ते से पैदल चलना भी दूभर हो गया है. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि कोई आपात स्थिति आती है या एंबुलेंस को गुजरना पड़े, तो भारी परेशानी होगी. समय पर इलाज न मिलने से किसी अप्रिय घटना या बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता.

बिना वैकल्पिक व्यवस्था के रास्ता काटना प्रशासनिक लापरवाही: रामप्रवेश सिंह

क्षेत्र के समाजसेवी रामप्रवेश सिंह ने इस गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का बुनियादी उद्देश्य जनता को सहूलियत देना होता है, न कि उनके लिए मुसीबत खड़ी करना. नई सड़क चालू होने से पहले ही पुराने संपर्क मार्ग को इस तरह बंद कर देना पूरी तरह से अनुचित और प्रशासनिक संवेदनहीनता का जीता-जागता उदाहरण है. उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर ठेकेदार को फटकार लगाई जाए और तुरंत आवागमन बहाल कराया जाए.

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

परेशान ग्रामीणों ने पलामू जिला प्रशासन और संबंधित कार्यपालक अभियंता से मांग की है कि कबरा कला-हैदरनगर संपर्क मार्ग पर तुरंत मिट्टी-कीचड़ हटाकर आवागमन सुचारू किया जाए. साथ ही जब तक मुख्य सड़क पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हो जाती, तब तक एक सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक रास्ता सुनिश्चित कराया जाए. ग्रामीणों ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों के भीतर इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सड़क पर उतरने और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.

ALSO READ : FIFA World Cup 2026: यासीन बोनो की दीवार भी नहीं रोक सकी फ्रांस, एम्बाप्पे-डेम्बेले के गोल से सेमीफाइनल में एंट्री

WhatsApp-Image-2026-06-15-a
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *