Giridih : हीरोडीह थाना क्षेत्र में नवविवाहिता राजिया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा. पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों ने जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई.
बताया जाता है कि कुरूमडीहा निवासी अब्जल अंसारी की पत्नी राजिया खातून की शादी करीब एक माह पहले हुई थी. गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई. राजिया का मायका भूचारोबाद (आजाद नगर) में है. घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया.

दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष मोटरसाइकिल की मांग कर रहा था. दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर राजिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया था. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने फिर से सड़क जाम कर निष्पक्ष जांच, दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की. सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. काफी समझाइश के बाद जाम समाप्त कराया गया और शव का अंतिम संस्कार कराया गया.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: शराब घोटाला : नवीन केडिया को विदेश जाने की अनुमति नहीं, HC से याचिका खारिज


