Jamtara : जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, नावाडीह के सहायक अध्यापक सह सचिव सुभाष दत्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद जिले के गोविंदपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुभाष दत्ता बाइक से नारायणपुर से अपने घर नावाडीह लौट रहे थे.
तेज रफ्तार बाइक से भिड़ंत, पीछे से आए ट्रक ने रौंदा, चालक फरार
इसी दौरान आसाडीह गांव के पास मुरलीपहाड़ी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल से उनकी आमने-सामने की टक्कर हो गई. टक्कर के बाद पीछे से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक की चपेट में आने से उनका एक पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया. इसके अलावा उनके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई है. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उन्हें गोविंदपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है. इधर, हादसे की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया. हालांकि ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है.

Also Read : सरकार और पार्टी से नाराज वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने लौटाई सरकारी गाड़ी


