Giridih: गावां थाना क्षेत्र के भिखी में शुक्रवार की दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया दशकर्म में तालाब नहाने गए एक 45 वर्षीय महिला कलवतिया देवी पति महेंद्र प्रसाद यादव पिहरा के खेरडा निवासी और एक 17 वर्षीय किशोरी अंजली कुमारी पिता विजय यादव की डूबने से मौत हो गई. वहीं 45 वर्षीय शिखा कुमारी पति बहादुर यादव भिखी निवासी गंभीर है. घटना के बाद सभी को स्वजनों और ग्रामीणों के द्वारा गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां पर डॉ काजिम खान ने अंजली कुमारी और कलवतीया देवी को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया व शिखा कुमारी की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल गिरीडीह रेफर कर दिया. मौत के बाद स्वजनों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया.
इलाज स्थानीय स्तर पर
सूचना के बाद विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, जिप सदस्य पवन चौधरी, बादीडीह मुखिया पति कांग्रेस यादव, बिरने मुखिया चन्दन कुमार, कांग्रेस नेता मरगूब आलम अस्पताल पहुंच कर स्वजनों को ढांढस बंधाया. सूचना पर गावां थाना प्रभारी जय प्रकाश कुमार दल बल के साथ पहुंचे और मामले की जानकारी ली व दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए सदर अस्पताल गिरीडीह भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार अंजली कुमारी बिरने से अपने नाना और कलवतीया देवी खेरडा से श्राद्धकर्म में भाग लेने भिखी पहुंची थी. भिखी गांव के पश्चिमी दिशा स्थित तालाब में दशकर्म के दिन नहाने गई थी. जहां पर अधिक पानी में अंजली कुमारी डूब गई, जिसे बचाने पीछे से अन्य महिलाएं गई जो एक एक कर पांच महिलाएं डूब गई. जिसमें दो की मौत हो गई, वहीं एक गंभीर हो गई. अन्य दो लोग नॉर्मल हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर कराया गया.

AlsoRead:सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रिंग रोड किया जाम, मुआवजे की कर रहे मांग


