रांची के अशोक नगर में 75 लाख की लग्जरी जगुआर कार से चोरी करने आए थे चोर, फर्जी ID से होटल में रुके थे आरोपी, देखें CCTV फुटेज

Ranchi : शहर के अरगोड़ा थाना क्षेत्र का अशोक नगर इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है. यहां हुई एक सनसनीखेज और...

Ranchi : शहर के अरगोड़ा थाना क्षेत्र का अशोक नगर इन दिनों सुर्खियों में बना हुआ है. यहां हुई एक सनसनीखेज और हाई-प्रोफाइल चोरी ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर (रोड नंबर 4B, मकान संख्या 362/ए सौभाग्य) में आठ-नौ जुलाई के दरमियानी रात को चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया था. प्रारंभिक जांच से साफ है कि यह किसी पेशेवर और संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का काम है, जिसने पूरी रेकी के बाद बेहद सुनियोजित तरीके से इस घटना को अंजाम दिया.

जांच में बड़ा सुराग, यूपी नंबर की लग्जरी ‘जगुआर’ कार से पहुंचे थे संदिग्ध

घटना की जानकारी मिलते ही अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों को जुटाना शुरू किया. सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते समय पुलिस के हाथ एक बड़ा सुराग लगा, जिसने जांच की दिशा ही बदल दी. पता चला कि वारदात से एक दिन पहले, यानी आठ जुलाई को दो संदिग्ध व्यक्ति रांची के बिरसा चौक स्थित एक होटल में आकर ठहरे थे. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि ये संदिग्ध किसी सामान्य गाड़ी या ऑटो से नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक चमचमाती काले रंग की लग्जरी जगुआर कार से होटल पहुंचे थे. पुलिस का मानना है कि अमूमन पहचान छिपाने और पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए शातिर अपराधी ऐसे हाई-एंड लग्जरी वाहनों का इस्तेमाल करते हैं.

फर्जी ID का इस्तेमाल और सुबह 5:20 बजे फरार

होटल प्रबंधन से पूछताछ में सामने आया कि दोनों संदिग्ध आठ जुलाई को दिन में होटल आए थे. कमरा बुक कराने के लिए उन्होंने एक मुस्लिम व्यक्ति के नाम पर बने पहचान पत्र का इस्तेमाल किया था. होटल में रुकने के दौरान भी वे कई बार बाहर आए-गए, जिससे साफ है कि वे इलाके की रेकी कर रहे थे.

होटल के CCTV फुटेज में देखा गया कि 9 जुलाई की सुबह ठीक 5:20 बजे दोनों संदिग्ध अपना बैग लेकर बाहर निकले, उन्हें जगुआर कार में रखा और रांची से फरार हो गए. पुलिस को जब तक होटल के इस सुराग की भनक लगी, तब तक आरोपी शहर की सीमा लांघ चुके थे.

तीसरे सदस्य की तलाश, ‘बैकअप’ गाड़ी का भी शक

रांची पुलिस को आशंका है कि इस हाई-प्रोफाइल चोरी में सिर्फ ये दो लोग ही शामिल नहीं थे, बल्कि इस संगठित गिरोह का एक तीसरा सदस्य भी सक्रिय था. जांच के अनुसार, वह तीसरा आरोपी किसी दूसरी बैकअप कार में सवार था और वह होटल के पास नहीं आया था. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या गिरोह का कोई अन्य सदस्य शहर के किसी दूसरे होटल, लॉज या गेस्ट हाउस में तो नहीं रुका हुआ था. इसके लिए होटलों के रजिस्टर, मोबाइल टावर लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज का मिलान किया जा रहा है.

विशेष टीम का गठन, छापेमारी जारी

इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है. अरगोड़ा पुलिस ने आधिकारिक तौर पर FIR भी दर्ज कर ली है.

वर्तमान में पुलिस की कई टीमें संदिग्धों की पहचान, जगुआर कार के रूट ट्रैक और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि उनके हाथ मजबूत वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य लगे हैं, जिसके आधार पर जल्द ही इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *