Seraikela: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कपाली ओपी के तमोलिया में बुजुर्ग पर जानलेवा फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्टल के साथ दो देसी कट्टे भी बरामद किए गए हैं.घटना 9 जुलाई गुरुवार को दोपहर करीब 3:30 बजे तमोलिया कॉलोनी स्थित गोविंद विद्यालय के पीछे हुई थी. यहां 62 वर्षीय शेख नूर मोहम्मद पर कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी. इस मामले में पीड़ित के बयान पर कपाली ओपी थाना कांड संख्या 97/2026 दर्ज किया गया था.
निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया. टीम ने सीसीटीवी फुटेज, भौतिक साक्ष्य और तकनीकी सूचना के आधार पर शुक्रवार को मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन अंसारी (41 वर्ष) को तमोलिया से गिरफ्तार किया.पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया है. इसके अलावा झाड़ी में छिपाकर रखे गए दो पुराने कट्टे भी पुलिस ने जब्त किए हैं.

गोल्डन अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है
गिरफ्तार आरोपी तमोलिया दुखी मंदिर के पीछे नाला के पास का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार गोल्डन अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गौ तस्करी सहित आठ से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं.पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 118, 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. हथियारों की बरामदगी के बाद कपाली क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है.
ALSO READ: बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से की शिष्टाचार मुलाकात


