Hazaribagh: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को हजारीबाग परिसदन भवन में आयोजित हुई. बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सुरेश पासवान ने की. बैठक में समिति के सदस्य राम सूर्या मुंडा के अलावा विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी मौजूद रहे. बैठक के दौरान झारखंड विधानसभा में उठाए गए अनागत प्रश्नों पर विभागवार समीक्षा की गई. साथ ही जिले में संचालित विकास योजनाओं, आंतरिक संसाधनों को मजबूत बनाने तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई. अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिस पर समिति ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए.
विकास योजनाओं के समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन पर जोर
समिति के सभापति सुरेश पासवान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकास योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचे, इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित मॉनिटरिंग आवश्यक है. बैठक में विकास कार्यों की गति तेज करने, लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया. समिति ने स्पष्ट किया कि विधानसभा में उठाए गए प्रश्नों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जनहित से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से आम जनता को अधिकतम लाभ पहुंचाने की दिशा में गंभीरता से कार्य करें.



