Ranchi: रांची विश्वविद्यालय ने शोध कार्यों को नई गति देने के लिए बदलाव करने का फैसला लिया है. विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. एम. डी. परवेज हसन को शोध निदेशक (डायरेक्टर, रिसर्च) नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, यह नियुक्ति झारखंड राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-2026 के तहत की गई है. अब डॉ. परवेज हसन विश्वविद्यालय में होने वाले शोध कार्यों की निगरानी करेंगे. साथ ही नए रिसर्च प्रोजेक्ट्स को बढ़ावा देने, शोध की गुणवत्ता सुधारने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाने की जिम्मेदारी भी संभालेंगे. रांची विश्वविद्यालय ने इस नियुक्ति की जानकारी सभी संकायाध्यक्षों (डीन), विभागाध्यक्षों, संबद्ध कॉलेजों के प्राचार्यों, परीक्षा नियंत्रक और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेज दी है, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़ें: झारखंड में पूर्ण शराबबंदी और गुटखा बैन की मांग, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भेजा गया पत्र



