Ranchi: झारखंड में मानसून पूरी तरह से मेहरबान है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है, साथ ही वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून की ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, रोहतक, शाहजहांपुर, बस्ती और मुजफ्फरपुर से होकर मणिपुर की ओर गुजर रही है. इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम बिहार और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण झारखंड के मौसम में नमी बनी हुई है, जिससे राज्यभर में अच्छी वर्षा दर्ज की जा रही है. पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो राज्य के सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई, जबकि कुछ जगहों पर भारी वर्षा भी दर्ज की गई. जामताड़ा में सर्वाधिक 94.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
तापमान का पारा: अधिकतम और न्यूनतम
पाकुड़ में अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा. वहीं, लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा. प्रमुख शहरों की बात करें तो रांची में अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर में 32.4 डिग्री सेल्सियस, डाल्टेनगंज में 31.1 डिग्री सेल्सियस और बोकारो में 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद के तीन दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

रांची और आसपास कैसा रहेगा मौसम
राजधानी रांची में भी मौसम सुहावना बना रहेगा. 11 और 12 जुलाई को बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होगी, जिसमें अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. 13 से 15 जुलाई के बीच बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है और तापमान घटकर 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्जन और वज्रपात के दौरान सतर्क रहें. खुले खेतों में न रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें. तेज हवाओं के दौरान पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचें.
मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी
11 और 12 जुलाई: राज्य के कुछ हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है.
13 जुलाई: राज्य के उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य (धनबाद) भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
14 जुलाई: उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज और मध्य के हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है.
15 और 16 जुलाई: राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है.


