Khunti: आगामी 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्रावणी मेला 2026 की तैयारियों को लेकर बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर सभागार में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता DC मो० जावेद हुसैन ने की.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता
बैठक में DC ने कहा कि श्रावण मास के दौरान बाबा आम्रेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलार्पण के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.

मंदिर मार्ग की होगी मरम्मत, झाड़ियों की होगी सफाई
DC ने पथ निर्माण विभाग को मंदिर मार्ग और आसपास की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने और जरूरत के अनुसार सड़क मरम्मत का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए.
सुरक्षा के लिए नदी और तालाब के पास तैनात होंगे गोताखोर
श्रावणी मेले के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बनई नदी और आम्रेश्वर धाम परिसर स्थित तालाब के पास गोताखोरों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे.
DC और SP ने किया मंदिर परिसर का निरीक्षण
बैठक के बाद DC मो० जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक(SP) ऋषभ गर्ग ने संयुक्त रूप से बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया.दोनों अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने और श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में सफल बनाने का निर्देश दिया.


