Hazaribagh: हजारीबाग जिले में मतदाता सूची को पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ चलाए जा रहे एसआईआर के दूसरे चरण की जमीनी हकीकत परखने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है. रविवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नूरा (वार्ड नंबर 3) के मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त ओम प्रकाश गुप्ता भी मुख्य रूप से उपस्थित थे. उपायुक्त ने मतदान केंद्र पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे गणना प्रपत्र वितरण और संग्रहण कार्य की गहन समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट किया कि चूंकि यह पूरी प्रक्रिया पूर्णतः समयबद्ध है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
डीसी पहुंचे पुलिस लाइन, मतदाता दिनेश कुमार के परिजनों को समझाया एसआईआर का महत्व
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त हेमंत सती स्वयं पुलिस लाइन स्थित एक स्थानीय मतदाता दिनेश कुमार के आवास पर पहुंचे. वहां उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर गणना प्रपत्र भरने की व्यावहारिक प्रक्रिया को खुद समझाया. उपायुक्त ने नागरिकों को बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के मुख्यतः तीन चरण हैं, जिसमें पहला मतदाताओं के बीच प्रपत्रों का वितरण, दूसरा मतदाताओं द्वारा उसे शुद्धता से भरकर बीएलओ को वापस सौंपना तथा तीसरा बीएलओ द्वारा उस डेटा को ऑनलाइन पोर्टल पर डिजिटाइज करना है. उपायुक्त ने जिले के तमाम नागरिकों से इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की.
29 जुलाई तक ही जमा होंगे प्रपत्र, 30 जुलाई को हर हाल में संपन्न होगा अभियान
अधिकारिक जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि एसआईआर का यह दूसरा चरण गत 30 जून से निरंतर जारी है, जो आगामी 29 जुलाई तक संचालित होगा. चूंकि इस कार्य की अंतिम समय सीमा 30 जुलाई निर्धारित है, इसलिए यह अनिवार्य है कि सभी मतदाता समय रहते अपने प्रपत्र जमा कर दें. उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को किसी कारणवश अब तक गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हो सका है, वे अविलंब अपने क्षेत्र के बीएलओ से समन्वय स्थापित कर प्रपत्र प्राप्त करें और उसे भरकर जमा कराएं ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में दर्ज होने से वंचित न रह जाए.
समाहरणालय में अनूठी पहल: शाम को कलेक्ट्रेट आकर ‘देन एंड देयर’ जमा करें फॉर्म
शहरी क्षेत्र के कामकाजी वर्ग और व्यवसायियों की व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने एक अत्यंत सुविधाजनक और अभिनव कदम उठाया है. नगर निगम क्षेत्र के सभी बीएलओ अब प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक समाहरणालय परिसर में कैंप करेंगे. वहां बनाए गए हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाता अपने बीएलओ को चिह्नित कर सीधे अपना फॉर्म सौंप सकेंगे. इस व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि फॉर्म प्राप्त होते ही उसे ‘देन एंड देयर’ कंप्यूटर पर ऑनलाइन डिजिटाइज कर दिया जाएगा, जिससे फॉर्म खोने या लंबित रहने की गुंजाइश खत्म हो जाएगी. उपायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के निवासियों से इस सुगम व्यवस्था का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया है.
ALSO READ : जमशेदपुर में ब्रेन मलेरिया का कहर : 14 दिन में 1,441 मरीज पॉजिटिव, पोटका में 5 बच्चों की मौत
