Chakradharpur: यूथ क्लब पुसालोटा द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 (Football Tournament 2026) का समापन समारोह उत्साह एवं खेल भावना के साथ संपन्न हुआ. समापन समारोह में नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि पिरू हेम्ब्रम उपस्थित रहे. प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 24 टीमों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबला रिमिल एफसी एवं रोहन एफसी के बीच खेला गया, जिसमें रिमिल एफसी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया.
नगर परिषद अध्यक्ष ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को दिया पुरस्कार
मुख्य अतिथि सन्नी उरांव ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान करते हुए सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का महत्वपूर्ण आधार है. ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें नशामुक्त एवं सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं.
सन्नी उरांव ने की खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना
सन्नी उरांव ने विजेता एवं उपविजेता टीम सहित प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. साथ ही यूथ क्लब पुसालोटा के सभी पदाधिकारियों, आयोजकों, खिलाड़ियों, दर्शकों एवं सहयोगियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं एवं धन्यवाद दिया.
समारोह के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता का भरपूर आनंद लिया.
यह भी पढ़ें: बोकारो: जटिल ऑपरेशन में मिली सफलता, 5.5 किलो वजनी गर्भाशय फाइब्रॉइड निकाला गया
