Chaibasa: पश्चिम सिंहभूम में लगातार चुनावी चुनौतियों का सामना कर रही भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा देने की दिशा में नेता प्रतिपक्ष एवं झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का तीन दिवसीय दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है. सोमवार को दौरे के पहले दिन मरांडी ने करीब 200 किलोमीटर का सफर तय करते हुए जिले के नक्सल प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों का दौरा किया तथा विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होकर लोगों से सीधा संवाद किया. मरांडी का काफिला पोड़ाहाट के जंगलों से होते हुए सारंडा के गांवों तक पहुंचा. उन्होंने मनोहरपुर, चक्रधरपुर और जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्रों के उन इलाकों का भी दौरा किया, जहां कभी नक्सलियों का गहरा प्रभाव रहा है. मनोहरपुर से किरीबुरू मार्ग पर भी उनका काफिला गुजरा, जहां छह माह पूर्व सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई थी.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लोगों की स्थिति है चिंताजनक
दौरे के दौरान बाबूलाल मरांडी ने छोटानागरा थाना के सामने स्थानीय लोगों के साथ खटिया पर बैठकर चाय पी, वहीं जंगलों में जाकर माइंस मजदूरों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को करीब से जाना. देर रात तक उन्होंने मेघाहातुबुरु में मजदूरों और स्थानीय लोगों से संवाद किया. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई तथा जेबी तुबिद सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे. दौरे के दौरान बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्हें यह क्षेत्र हमेशा से पसंद रहा है, लेकिन खनिज और वन संपदा से समृद्ध होने के बावजूद यहां के लोगों की स्थिति चिंताजनक है.

लोगों की समस्याएं सुनने और उन्हें विधानसभा तक पहुंचाने के उद्देश्य से आए इस क्षेत्र में
उन्होंने कहा कि वे लोगों की समस्याओं को सुनने और उन्हें विधानसभा तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस क्षेत्र में आए हैं. उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि जब चिरिया तक छोटी ट्रेन चलती थी, तब उन्होंने उस मार्ग से भी यात्रा की थी. मरांडी के इस जनसंपर्क अभियान को राजनीतिक रूप से भाजपा के संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है. अब यह देखना होगा कि उनका यह दौरा पश्चिम सिंहभूम में भाजपा के लिए नई संजीवनी साबित होता है या फिर यह राजनीतिक सफर आगे भी इसी तरह जारी रहेगा.
ALSO READ : जमशेदपुर में CBI का बड़ा एक्शन: टुइलाडुंगरी में छापेमारी, राजदीप सिंह हिरासत में
