Jamshedpur: जिले के गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एक संयुक्त टीम ने टुइलाडुंगरी स्थित सरस्वती नगर में अचानक दबिश दी. रांची और पंजाब से पहुंची सीबीआई की विशेष टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक घर में करीब चार घंटे तक सघन छापेमारी की. इस बड़ी कार्रवाई के बाद टीम ने राजदीप सिंह नाम के एक युवक को हिरासत में ले लिया है, जिससे गोलमुरी थाने में कड़ी पूछताछ की जा रही है.
सुबह-सुबह हुई अचानक कार्रवाई, खंगाले गए दस्तावेज
मंगलवार की सुबह जब सरस्वती नगर के लोग सोकर उठे ही थे, तभी सीबीआई की गाड़ियां राजदीप सिंह के घर के बाहर आकर रुकीं. सूत्रों के अनुसार, टीम ने आते ही पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया और तलाशी शुरू कर दी. सुबह से शुरू हुई यह कार्रवाई दौरान घर के कोने-कोने की तलाशी ली गई. छापेमारी के दौरान सीबीआई की टीम ने घर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल-लैपटॉप जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपने कब्जे में ले लिया है. इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच से कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है.

लाखों के संदिग्ध लेन-देन और साइबर फ्रॉड का कनेक्शन
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई कथित साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क से जुड़ी हुई है. सूत्रों का कहना है कि एक विशेष बैंक खाते के जरिए लाखों रुपये के संदिग्ध और अवैध ट्रांजैक्शन किए गए थे. इस वित्तीय धोखाधड़ी के तार पंजाब और झारखंड से जुड़े होने की आशंका है, जिसके बाद पंजाब और रांची सीबीआई की संयुक्त टीम ने मिलकर इस छापेमारी को अंजाम दिया.
गोलमुरी थाने में पूछताछ, बड़े खुलासे की उम्मीद
घर पर छापेमारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सीबीआई की टीम राजदीप सिंह को हिरासत में लेकर सीधे गोलमुरी थाना पहुंची. फिलहाल बंद कमरे में जांच अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं.
