Ranchi: राजधानी रांची को और अधिक हराभरा, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए रांची नगर निगम ने ग्रीन पैच डेवलपमेंट अभियान को तेज कर दिया है. आज नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हॉर्टिकल्चर शाखा की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें शहर में चल रहे हरित विकास कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

नागरिकों को स्वच्छ व बेहतर वातावरण
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि अब तक शहर के 24 प्रमुख स्थानों पर ग्रीन पैच तैयार किए जा चुके हैं. वहीं 24 अन्य स्थानों पर तेजी से काम चल रहा है, जबकि 52 नए स्थलों का चयन भी कर लिया गया है. इस तरह चालू वित्तीय वर्ष में 80 से अधिक प्रमुख स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है. नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं. उन्होंने कहा कि शहर में विकसित किए जा रहे हर ग्रीन पैच का नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि पौधों की अच्छी देखभाल हो और ये स्थान लंबे समय तक लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने रहें. उन्होंने यह भी कहा कि शहर में हरित क्षेत्रों का विस्तार न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी, प्रदूषण कम होगा और नागरिकों को स्वच्छ व बेहतर वातावरण मिलेगा.
AlsoRead:BIT मेसरा में छठे रिसर्च कोलोक्वियम का उद्घाटन, 269 शोध प्रस्तुतियों के साथ जुटे देशभर के शोधार्थी
