Ranchi: रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर ट्रस्ट कमेटी के बैंक खाते को फ्रीज कर दिया गया है. यह कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद की गई है. अदालत में मंदिर प्रबंधन और वित्तीय व्यवस्था को लेकर चल रही सुनवाई के दौरान यह कदम उठाया गया. बताया गया कि जगन्नाथपुर मंदिर प्रबंधन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है. हाईकोर्ट इस पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और झारखंड राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड को मंदिर के संचालन के लिए नई प्रबंधन योजना (मैनेजमेंट स्कीम) तैयार करने का निर्देश दे चुका है. इसी क्रम में ट्रस्ट कमेटी के बैंक खाते को फ्रीज किया गया है ताकि बिना न्यायालय की अनुमति के किसी प्रकार का वित्तीय लेन-देन न हो सके. हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को आगामी रथ यात्रा के शांतिपूर्ण और सुचारु आयोजन के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने और सभी आवश्यक प्रशासनिक इंतजाम सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. साथ ही धार्मिक न्यास बोर्ड को तय समय के भीतर प्रबंधन योजना प्रस्तुत करने को कहा गया है. मामले की अगली सुनवाई 3 सप्ताह बाद मुकर्रर की गई है.
यह भी पढ़ें: बिहार में तकनीकी चूक : गरीब परिवार को चंद मिनट के लिए बनाया अरबपति, खाते में आ गए 759 करोड़
