Koderma: विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी द्वारा मुख्यमंत्री सारथी योजना के अंतर्गत संचालित सक्षम झारखंड कौशल विकास योजना के तहत एक्सेल डाटा सर्विसेज प्रशिक्षण केंद्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
प्रतियोगिता में प्रशिक्षुओं ने दिखाई प्रतिभा
कार्यक्रम में हस्तकला एवं नृत्यकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. इसमें प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मकता एवं कला कौशल का प्रदर्शन किया. आयोजन का उद्देश्य युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उनका आत्मविश्वास बढ़ाना था.
11 प्रशिक्षुओं को मिला रोजगार का अवसर
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण पूरा कर चुके 11 प्रशिक्षुओं को रोजगार के लिए ऑफर लेटर प्रदान किए गए. चयनित प्रशिक्षुओं का नियोजन तमिलनाडु एवं बेंगलुरु स्थित नवगिरी अपैरल और फॉक्सकॉन जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में किया गया है. रोजगार मिलने पर प्रशिक्षुओं में खुशी का माहौल देखा गया.
अतिथियों ने युवाओं का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, कोडरमा के सचिव राम रतन महर्षि तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में यूएनडीपी के प्रोजेक्ट असिस्टेंट दीपक कुमार मौजूद रहे. अतिथियों ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कौशल प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
संस्थान के कर्मचारियों का रहा योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में एक्सेल डाटा सर्विसेज के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रोहित कुमार पाण्डेय, प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर कौशल कुमार सहित संस्थान के सभी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा. अधिकारियों ने कहा कि युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के प्रयास लगातार जारी रहेंगे.
ALSO READ: जगन्नाथपुर मंदिर ट्रस्ट कमेटी का बैंक खाता फ्रीज, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई
