Hazaribagh : भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा में गुरुवार को चौपारण में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. भीषण गर्मी और तपती धूप भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी. हजारों श्रद्धालु पूरे भक्ति भाव के साथ रथ के दर्शन और खींचने के लिए उमड़े. पूरे नगर में जय जगन्नाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा. रथयात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा.
रथयात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, सेवा भाव ने बढ़ाई भव्यता
सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रही. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं. आयोजन में जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई. वहीं विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों एवं युवाओं ने जगह-जगह शरबत, शीतल जल, प्रसाद और प्राथमिक चिकित्सा के सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की. सेवा भाव और सहयोग की इस भावना ने रथयात्रा की भव्यता को और भी बढ़ा दिया. पूरी रथयात्रा के दौरान श्रद्धा, आस्था और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला. नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
Also Read : हजारीबाग में पहली बार इस्कॉन की भव्य और दिव्य श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकली
