Palamu: मेदिनीनगर शहर की लंबे समय से जर्जर पड़ी सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू होने पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नव-मनोनीत प्रमंडलीय प्रवक्ता एवं युवा समाजसेवी आशुतोष तिवारी ने DC की सराहना की है. उन्होंने इसे आम जनता के हित में उठाया गया सराहनीय कदम बताते हुए कहा कि इस पहल से लोगों को विशेषकर बारिश के मौसम में काफी राहत मिलेगी.
उपायुक्त को बताया ऊर्जावान और संवेदनशील अधिकारी
आशुतोष तिवारी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पलामू के उपायुक्त एक ऊर्जावान, संवेदनशील और आम जनमानस की समस्याओं को समझने वाले कर्मठ अधिकारी हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि उनका कार्यकाल पलामू जिले के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होगा.
ज्ञापन के बाद शुरू हुआ सड़क मरम्मत कार्य
उन्होंने बताया कि इससे पहले उनके नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मेदिनीनगर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत की मांग की थी. उपायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए गड्ढों को भरवाने और सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया, जिससे बारिश के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके.
नगर निगम प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
आशुतोष तिवारी ने मेदिनीनगर नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन कुंभकर्ण की नींद में सोया हुआ है, जबकि शहर की जनता विभिन्न मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है.
शहर की प्रमुख समस्याएं गिनाईं
उन्होंने कहा कि शहर की नालियों में कचरा जमा है, सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं और आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है. इसके अलावा लावारिस पशुओं की व्यवस्था नहीं होने तथा शहरी क्षेत्रों में लगातार जाम की समस्या से लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
महापौर और नगर आयुक्त को सौंपा जाएगा ज्ञापन
आशुतोष तिवारी ने कहा कि शहर की इन समस्याओं को लेकर जल्द ही महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा. यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगर निगम कार्यालय में तालाबंदी जैसे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे.
ALSO READ: झारखंड: नवनियुक्त सहायक आचार्यों के लिए बड़ी राहत, 2025-26 का बकाया वेतन अब जल्द मिलेगा, सुलझा पेंच
