Dhanbad: झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. निरसा के बेनागड़िया स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 10वीं कक्षा के एक छात्र के साथ उसके ही सहपाठियों (क्लासमेट्स) ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं. पीड़ित छात्र सुमित कुमार दास (16 वर्ष) को न केवल बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसे निर्वस्त्र कर उसका वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
पैसे के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र सुमित कुमार दास गोविंदपुर के नगरक्यारी गांव का रहने वाला है. वह मंगलवार की रात हॉस्टल में अपने कमरे में था. इसी दौरान मोबाइल में पैसे ट्रांसफर करने को लेकर सुमित का उसके दोस्तों से विवाद शुरू हो गया.
धीरे-धीरे यह बहस इतनी बढ़ गई कि आधी रात को सुमित के ही सहपाठियों ने हैवानियत का रूप अख्तियार कर लिया. मंगलवार देर रात करीब दो बजे रात के अंधेरे में इन छात्रों ने सुमित के हाथ रस्सी से बांध दिए और उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी.
निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो, जबरन पिलाया पेय पदार्थ
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी छात्रों ने सुमित को पूरी तरह निर्वस्त्र कर रखा था. वे उसे गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे और बेल्ट से बेदर्दी से पीट रहे थे. इतना ही नहीं, पीड़ित छात्र को पानी की बोतल से जबरन कोई पेय पदार्थ भी पिलाया जा रहा था..पिटाई के दौरान आरोपियों ने सुमित का मोबाइल से वीडियो भी बनाया और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताए.
डर से दो दिन तक छुपाए रखा राज, हालत बिगड़ने पर खुला मामला
धमकी और खौफ के कारण पीड़ित सुमित कुमार दास ने दो दिनों तक इस खौफनाक वारदात के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया. वह दर्द बर्दाश्त करता रहा और स्कूल की नर्स से चुपचाप दवाइयां लेकर खाता रहा. इस बीच, उसने अपने परिजनों को फोन भी किया, लेकिन डर के मारे उनसे यही कहा कि वह ठीक है और अच्छे से पढ़ाई कर रहा है. गुरुवार को जब सुमित की तबीयत बेहद बिगड़ गई और दर्द असहनीय हो गया, तब उसने रोते हुए अपने परिजनों को फोन कर आपबीती सुनाई. खबर मिलते ही सुमित के परिजन आनन-फानन में स्कूल पहुंचे. परिजनों के आने के बाद ही स्कूल प्रबंधन को इस पूरी घटना की भनक लगी.
अस्पताल में भर्ती, स्थिति गंभीर
स्कूल प्रबंधन और परिजनों द्वारा आनन-फानन में सुमित को इलाज के लिए पांडरा उप-स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, हालांकि, छात्र की पीठ और शरीर पर गहरे जख्मों व गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर कर दिया है, जहां उसका इलाज जारी है. इस घटना के बाद से स्कूल परिसर में हड़कंप मचा हुआ है और पीड़ित परिवार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है. स्थानीय पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है.
