Koderma: जिले के डोमचांच प्रखंड के फुलवरिया हाई स्कूल में छात्रों की पढ़ाई की समस्या दूर करने के लिए जिला परिषद की ओर से 15वें वित्त आयोग के तहत दो कमरे के नए भवन का निर्माण कराया जाएगा. गुरुवार को इस भवन का शिलान्यास जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, प्रमुख सत्यनारायण यादव, फुलवरिया मुखिया संजय मेहता और पुरनाडीह मुखिया पप्पू यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. लगभग 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि कमरे की कमी के कारण एक ही कक्षा में अत्यधिक संख्या में बच्चों को बैठाना पड़ता था, जिससे पढ़ाई में काफी परेशानी होती थी। अब दो नए कमरे बन जाने से छात्रों को बैठने और पढ़ने में सुविधा होगी.
निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा
अध्यक्ष ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. निर्धारित समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा किया जाए, ताकि बच्चों को जल्द इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर प्रमुख सत्यनारायण यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए जिला परिषद लगातार प्रयासरत है. फुलवरिया मुखिया संजय मेहता और पुरनाडीह मुखिया पप्पू यादव ने भी जिला परिषद के इस पहल की सराहना की है। शिलान्यास कार्यक्रम में खरखार मुखिया प्रतिनिधि पिंटू यादव, फुलवरिया पंचायत समिति सदस्य रामदेव मेहता, उप मुखिया बासुदेव मेहता, विजय यादव, पिंटू साव, विद्यालय के शिक्षक और ग्रामीण मौजूद थे.
