हजारीबाग; हेलमेट की अनदेखी और तेज रफ्तार ने ली जान: करसो पुल के पास कोयला लोड बाइक सवार की दर्दनाक मौत

Hazaribagh: बरही थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लोड बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत...

Hazaribagh: बरही थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कोयला लोड बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. बरही नदी स्थित करसो पुल के पास हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया. मृतक की पहचान बड़कागांव के बादम निवासी 40 वर्षीय तसव्वर अंसारी (पिता- मुकीम अंसारी) के रूप में हुई है.

रोज की तरह कोयला लेकर जा रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार तसव्वर अंसारी प्रतिदिन की तरह शुक्रवार सुबह बाइक पर कोयला लादकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे. सुबह करीब सात बजे करसो पुल के समीप अचानक बाइक का चैन स्प्रोकेट में फंस गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई.

करीब 40 फीट तक घिसटती रही बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी. चैन फंसने के बाद बाइक करीब 40 फीट तक सड़क पर घिसटती चली गई. इस दौरान तसव्वर अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

हेलमेट होता तो बच सकती थी जान

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था. लोगों का मानना है कि यदि वह हेलमेट लगाए होते तो संभव है कि सिर पर गंभीर चोट नहीं लगती और उनकी जान बचाई जा सकती थी. घटना के बाद क्षेत्र में हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन चलाने को लेकर भी चर्चा होती रही.

साथ चल रहे बाइक सवारों ने दी पुलिस को सूचना

हादसे के बाद साथ चल रहे अन्य कोयला लोड बाइक सवारों ने तत्काल बरही थाना पुलिस को सूचना दी और मृतक की पहचान भी कराई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

Read Also: गैरमजरूआ खास जंगल भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन सख्त, 50 लोगों को नोटिस

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही एसआई सुमित साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद थाना प्रभारी विनोद कुमार एवं एसआई दीपक नाग भी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए बरही अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. अस्पताल प्रभारी डॉ. प्रकाश ज्ञानी को भी घटना की सूचना दे दी गई थी.

घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर

दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए. मुखिया छोटन ठाकुर, अशोक सिंह, राजकुमार, जमाल उद्दीन, अमित सिंह, राजवंशी सिंह सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे. तसव्वर अंसारी की असामयिक मौत से परिजनों और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *