Jamtara: दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए मेमू ट्रेनों के संचालन को लेकर नया अपडेट जारी किया है. JFWCE-2024 परीक्षा के दौरान निरस्त की गई दो मेमू ट्रेन सेवाओं को 19 जुलाई से दोबारा बहाल कर दिया गया है. वहीं, रांची मंडल में तकनीकी कार्य के कारण 17 जुलाई को चार ट्रेनों के परिचालन में आंशिक बदलाव किया गया है.
19 जुलाई से फिर चलेंगी दो मेमू ट्रेनें
रेलवे के अनुसार, 68046/68045 आसनसोल–आद्रा–आसनसोल मेमू तथा 68056/68060 टाटा–आसनसोल–बाराभूम मेमू 19 जुलाई से अपने निर्धारित समय और मार्ग पर फिर से संचालित होंगी. इन ट्रेनों के बहाल होने से दैनिक यात्रियों और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी.
तकनीकी कार्य के कारण चार ट्रेनों में बदलाव
रांची मंडल के कीता–सिल्ली डाउन लाइन पर तीन घंटे के PQRS ब्लॉक के कारण 17 जुलाई को कुछ ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी परिवर्तन किया गया है.13503 बर्द्धमान–हटिया मेमू एक्सप्रेस का आंशिक समापन गोमो स्टेशन पर किया जाएगा, जबकि 13504 हटिया–बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस का आंशिक प्रारंभ गोमो स्टेशन से होगा. इसके कारण दोनों ट्रेनें गोमो और हटिया के बीच संचालित नहीं होंगी.
मुरी तक ही चलेगी मेमू पैसेंजर
इसी तरह 63598 आसनसोल–रांची मेमू पैसेंजर का आंशिक समापन मुरी स्टेशन पर होगा, जबकि 63597 रांची–आसनसोल मेमू पैसेंजर का आंशिक प्रारंभ मुरी स्टेशन से किया जाएगा. परिणामस्वरूप यह ट्रेन मुरी और रांची के बीच दोनों दिशाओं में नहीं चलेगी.
यात्रा से पहले जानकारी लेने की अपील
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है. रेलवे ने कहा कि तकनीकी कार्य के कारण किए गए ये बदलाव अस्थायी हैं और यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है.
ALSO READ: झारखंड की पारंपरिक वनस्पति कुदरुम, स्वाद के साथ सेहत के लिए भी मानी जाती है खास
