Chatra: झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 (JFWCE-2024) के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसको लेकर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में ब्रीफिंग सह समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़ी प्रशासनिक व्यवस्था, विधि-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई.
परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर, जोनल दंडाधिकारी, गश्ती सह उड़नदस्ता दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें.
जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा परीक्षा का आयोजन
बताया गया कि झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई 2026 को जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा. इसमें कुल 4,248 अभ्यर्थी शामिल होंगे. परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित होगी. पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, दूसरी शिफ्ट की परीक्षा 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और तीसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 3:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी.
सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रतिबंधित सामग्री पर रोक लगाने का निर्देश
पहली शिफ्ट के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:00 बजे से 8:00 बजे तक रहेगा, जबकि तीसरी शिफ्ट के लिए प्रवेश दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया है. निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी. उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच व्यवस्था, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट और अन्य प्रतिबंधित सामग्री पर रोक लगाने का निर्देश दिया.
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती
इसके अलावा प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय सामग्रियों की सुरक्षित ढुलाई एवं संरक्षण, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने को कहा गया. सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा शुरू होने से पहले अपने-अपने केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सभी तैयारियां पूरी करने और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष को देने का निर्देश दिया गया. बैठक में बताया गया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर दंडाधिकारी, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, ऑब्जर्वर, जोनल दंडाधिकारी, गश्ती सह उड़नदस्ता टीम और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
ये पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन और जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से लगातार निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है. उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया. बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जहूर आलम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा सन्नी वर्धन, जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला शिक्षा अधीक्षक रामजी कुमार सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
READ ALSO: रांची: महामंडलेश्वर माता राजेश्वरी नंद गिरि महाराज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू से की मुलाकात
