Dhnabad : जिले के मनियाडीह थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां के नवादा जंगल में शनिवार सुबह करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. शव जंगल के अंदरूनी हिस्से में पड़ा हुआ था. जिसे देखकर स्थानीय लोग सहम गए.
मशरूम चुनने गए ग्रामीणों ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह कुछ ग्रामीण नवादा के घने जंगल में मशरूम चुनने गए हुए थे. इसी दौरान उनकी नजर जंगल के भीतर पड़े एक शव पर पड़ी. शव पूरी तरह खून से लथपथ था. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय मुखिया इंद्रलाल बास्की को दी. मुखिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन मनियाडीह थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया.
पुलिस महकमे में खलबली, मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई. मनियाडीह थाना प्रभारी अकबर खान, इंस्पेक्टर साजिद हुसैन और टुंडी डीएसपी DSP नाजिर अख्तर भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे घटनास्थल की घेराबंदी कर दी और मामले की छानबीन में जुट गई.
कहीं और हत्या कर शव को जंगल में फेंकने की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला सीधे तौर पर हत्या का प्रतीत हो रहा है. शुरुआती जांच और शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर की गई है. इसके बाद अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को नवादा के इस घने जंगल में लाकर फेंक दिया. शव पूरी तरह खून से सना हुआ है और शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही जा रही है. मौत के सटीक कारणों और हत्या के तरीकों का स्पष्ट पता लगाने के लिए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.
