Bokaro: DVC प्रबंधन की लापरवाही के कारण बोकारो थर्मल थाना भवन और पुलिस जवानों के बैरक की स्थिति काफी खराब हो चुकी है. मरम्मत के अभाव में भवन जर्जर हो गया है, जिससे पुलिसकर्मियों को हर समय हादसे का डर बना रहता है.
बैरक और थाना भवन में दरारें, बारिश में टपकता है पानी
पुलिस जवानों के रहने वाले बैरक का छज्जा कई जगहों से टूट चुका है और भवन में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं. बारिश के दौरान बैरक, थाना कक्ष, मालखाना और हाजत की छतों से पानी टपकने लगता है. इससे सरकारी कामकाज भी प्रभावित हो रहा है.
बिजली व्यवस्था बनी खतरा
थाना परिसर में बिजली की व्यवस्था भी असुरक्षित बनी हुई है. थाना प्रभारी कक्ष और सिरिस्ता के प्रवेश द्वार के ऊपर बिजली के तारों का जाल लटका हुआ है, जिससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने की आशंका बनी रहती है.
DVC प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
थाना प्रभारी सह निरीक्षक पिंकू कुमार यादव ने बताया कि भवन की मरम्मत को लेकर कई बार DVC प्रबंधन को पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों से संपर्क करने पर सिर्फ आश्वासन मिलता है.
