Bokaro: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) और अमृता कोच्चि अस्पताल, मैसूर के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में गिफ्ट ऑफ लाइफ कार्यक्रम के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया. शिविर में जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की नि:शुल्क हृदय जांच और परामर्श दिया गया. विशेषज्ञ चिकित्सकों ने कुल 259 बच्चों की हृदय संबंधी जांच की, जिसमें 40 बच्चों में जन्मजात हृदय रोग या गंभीर हृदय समस्या की पुष्टि हुई. इन बच्चों को कार्यक्रम के तहत नि:शुल्क उपचार और आवश्यकता पड़ने पर हृदय सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
आर्थिक स्थिति इलाज में बाधा नहीं बनेगी : निदेशक
NRHM निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि गिफ्ट ऑफ लाइफ कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है.उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी बच्चे के इलाज में बाधा नहीं बनना चाहिए.
बच्चों को मिलेगा बेहतर भविष्य का अवसर
DC अजय नाथ झा ने कहा कि यह कार्यक्रम जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों के लिए महत्वपूर्ण पहल है. जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि हर पात्र बच्चे तक इस योजना का लाभ पहुंचे. उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में हृदय संबंधी लक्षण दिखने पर समय रहते जांच कराएं, ताकि बेहतर इलाज संभव हो सके.
ALSO READ: चाईबासा: दूरस्थ हेस्साडीह पहुंचे DC-SP, सुरक्षा व्यवस्था के साथ विकास योजनाओं का लिया जायजा
जरूरतमंद बच्चों के लिए उम्मीद की किरण
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त (DDC) शताब्दी मजूमदार, सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रजेश कुमार सहित कई अधिकारी और चिकित्सक मौजूद रहे. उन्होंने कहा कि गिफ्ट ऑफ लाइफ कार्यक्रम बच्चों को नि:शुल्क उपचार और स्वस्थ भविष्य की नई उम्मीद दे रहा है.
