Jamtara: पवित्र उमरा हज की अदायगी के लिए शनिवार देर रात जामताड़ा से तीन हाजी मक्का-मदीना के लिए रवाना हुए. जामताड़ा के सरखेलडीह निवासी अबुल हुसैन तथा पाकडीह निवासी नूर अली खान अपनी पत्नी के साथ उमरा हज के लिए रवाना हुए.
भावुक माहौल में दी गई विदाई
हाजियों की रवानगी के अवसर पर जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार, मित्र और स्थानीय लोग मौजूद रहे. पूरे माहौल में धार्मिक आस्था, अपनापन और भावुकता का दृश्य देखने को मिला.
इमाम मौलाना अख्तर राजा ने कराई दुआ
रवानगी से पूर्व जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर इमाम मौलाना अख्तर राजा ने विशेष दुआ कराई. उन्होंने अल्लाह से हाजियों की यात्रा को सुरक्षित, आसान और मकबूल बनाने की दुआ की. साथ ही सभी लोगों से अपील की कि हाजी पवित्र हरम शरीफ पहुंचकर देश, राज्य, जिले और पूरी इंसानियत की खुशहाली, अमन-चैन तथा तरक्की के लिए भी दुआ करें.
गले मिलकर मांगी दुआएं
दुआ के बाद उपस्थित लोगों ने हाजियों से गले मिलकर उन्हें मुबारकबाद दी और शुभ यात्रा की कामना की. विदाई के दौरान कई लोगों की आंखें भी नम हो गईं. सभी ने हाजियों से अपनी-अपनी दुआओं में याद रखने का अनुरोध किया.
Also Read: जामताड़ा : भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 16 केंद्रों में JSSC क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा शुरू
रांची से हवाई मार्ग से जाएंगे मक्का-मदीना
जानकारी के अनुसार, सभी हाजी जामताड़ा रेलवे स्टेशन से इंटरसिटी एक्सप्रेस के माध्यम से रांची के लिए रवाना हुए. रांची से वे हवाई मार्ग द्वारा सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का और मदीना पहुंचेंगे, जहां वे उमरा की धार्मिक रस्में अदा करेंगे.
उमरा की कबूलियत के लिए की गई दुआ
मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि उमरा हज की यात्रा हर मुसलमान के लिए अत्यंत पवित्र और सौभाग्यपूर्ण अवसर होती है. हाजियों की सकुशल यात्रा और उमरा की कबूलियत के लिए सभी ने सामूहिक रूप से दुआ की और उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया.
