Giridih: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग लड़की के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. घटना 16 जुलाई की दोपहर की बताई जा रही है. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद जब किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला तो उसके पिता ने शुक्रवार देर शाम मुफ्फसिल थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई. मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कांड दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. साथ ही नाबालिग की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
खेत से लौटे तो घर से गायब थी बेटी
पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 16 जुलाई को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ खेत में काम करने गए थे. दोपहर बाद जब सभी लोग वापस घर लौटे तो उनकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं थी. पहले उन्हें लगा कि वह आसपास कहीं गई होगी, लेकिन काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई.
Read Also: उमरा हज के लिए जामताड़ा से तीन हाजी रवाना, रेलवे स्टेशन पर भावुक माहौल में दी गई विदाई
पिता ने युवक से बातचीत की जताई आशंका
इसके बाद परिवार के लोगों ने अपने स्तर से आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां व्यापक खोजबीन की, लेकिन लड़की का कोई पता नहीं चल सका. आवेदन में पिता ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी किसी युवक से बातचीत करती थी. हालांकि उस युवक की पहचान या उसके बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं है. रपुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही नाबालिग का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है तथा मामले से जुड़े हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.
