Chaibasa : जिला के चक्रधरपुर के पवन चौक में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवती को जबरन तमिलनाडु ले जाए जाने की आशंका पर स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि युवती पश्चिमी सिंहभूम जिले के इंकाटा गांव की रहने वाली है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने प्रारंभ में लोगों को बताया कि उक्त व्यक्ति एक ठेकेदार है और उसे जबरन तमिलनाडु ले जा रहा है. युवती की बात सुनते ही स्थानीय लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को रोक लिया और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी.
युवती ने बदला अपना बयान
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ के दौरान संबंधित व्यक्ति ने स्वयं को ठेकेदार नहीं, बल्कि युवती का मामा बताया. वहीं, बाद में युवती ने भी अपना बयान बदलते हुए कहा कि वह व्यक्ति उसका मामा है. इससे मौके पर कुछ देर तक भ्रम की स्थिति बनी रही. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. दोनों के संबंध, तमिलनाडु जाने के उद्देश्य तथा मानव तस्करी की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Also Read : उमरा हज के लिए जामताड़ा से तीन हाजी रवाना, रेलवे स्टेशन पर भावुक माहौल में दी गई विदाई
