बोकारो: बेरमो अनुमंडल स्थित बोकारो थर्मल में डीवीसी के 134 करोड़ की लागत से निर्मित आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) का लोड टेस्टिंग शुक्रवार की रात्रि लगभग दस बजे आरंभ किया गया. लोड टेस्टिंग के दौरान राइटस् कंपनी के डीजीएम संतोष जायसवाल,रेलवे के इंजीनियर राणा प्रताप सिंह,बीकेबी डेको सुप्रीम के गौरव कुमार, राजेश कुमार सुनील सिंह एवं डीवीसी के मैनेजर मैकनिकल विकास सिंह मौजूद थे. शुक्रवार की रात्रि लोड टेस्टिंग को लेकर चार हाईवा में मेटल चिप्स और बटखारा जिसका कुल वजन 160 एमटी था. रेलवे ओवरब्रिज पर रेल लाईन के बीचोबीच ब्रिज पर चौबीस घंटे के लिए खड़ा कर दिया गया है. इसको लेकर बीच में मार्किंग की गई और उसी मार्किंग के अंदर वाहनों को खड़ा किया गया. आरओबी का 28 फरवरी को सूबे के मंत्री योगेंद्र प्रसाद के द्वारा गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी,बेरमो विधायक कुमार जयमंगल,डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो,मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो सहित डीवीसी के चैयरमैन एस सुरेश कुमार,एमटी एसके पांडा सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में किया जाना था.
सांसद ने कई मामले को लेकर केंद्रीय ऊर्जा मंत्री को लिखा था पत्र:
उदघाटन के एक दिन पूर्व गिरिडीह सांसद ने केंद्रीय उर्जा मंत्री एवं ऊर्जा सचिव से मिलकर आरओबी के निर्माण में गड़बड़ी और उद्घाटन के पूर्व क्वालिटी टेस्ट का नहीं किया जाना और लोड टेस्टिंग नहीं करने की शिकायत करते हुए उदघाटन को स्थगित करने एवं उपरोक्त सभी कार्य सहित जांच को पूरा करने के बाद उदघाटन की मांग रखी थी. केंद्रीय उर्जा सचिव पंकज अग्रवाल ने सांसद की मांग पर आरओबी का उदघाटन तत्काल स्थगित करने का आदेश जारी किया था. उद्घाटन स्थगित होने के बाद आरओबी में बाकी बचे हुए कई कार्य को पूरा किया गया. साथ ही लोड टेस्टिंग का कार्य भी आरंभ किया गया.



