Saurav Singh
Ranchi : राजधानी रांची की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चुस्त- दुरुस्त बनाने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने एक बड़ा कदम उठाया है. शहर में बढ़ती आबादी और बदलते अपराध के तौर-तरीकों को देखते हुए एसपी रैंक के दो नए पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार किया गया है. झारखंड पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक इस नए प्रस्ताव के तहत रांची को दो नए एसपी मिलेंगे. जिससे शहरी इलाकों में न सिर्फ कानून व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि अपराध अनुसंधान में भी तेजी आएगी. फिलहाल यह प्रस्ताव राज्य सरकार के पास लंबित है.

किन दो नए पदों का होगा सृजन
झारखंड पुलिस के रिपोर्ट के मुताबिक रांची में जिन दो नए पदों को जोड़ने की तैयारी है, वे इस प्रकार हैं-
– सिटी एसपी-2 : शहरी क्षेत्र के बढ़ते दायरे को संभालने के लिए.
– एसपी (मुख्यालय एवं अपराध) : मुख्यालय के प्रशासनिक कार्यों और संगीन अपराधों की मॉनिटरिंग व अनुसंधान पर विशेष ध्यान केंद्रित करने के लिए.
वर्तमान में हैं एसपी के सिर्फ तीन पद
फिलहाल राजधानी रांची में एसपी रैंक के सिर्फ तीन अधिकारी तैनात रहते हैं.
– सिटी एसपी
– ग्रामीण एसपी
– ट्रैफिक एसपी
– नए पदों के सृजन के बाद थानों के मौजूदा क्षेत्राधिकार में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा
सिटी एसपी ‘साउथ’ और सिटी एसपी ‘नॉर्थ’ में बंटेगा शहर
रांची के आसपास तेजी से नए रिहायशी और कमर्शियल इलाके विकसित हो रहे हैं. कांके, नामकुम और रिंग रोड के आसपास के जो नए इलाके अब तक ग्रामीण एसपी के अधीन आते थे, उन्हें अब सिटी एसपी के कार्यक्षेत्र में शामिल किया जा सकता है. जानकारी के मुताबिक, इसके लिए रांची शहर को दो हिस्सों में बांटने की योजना है. जिनमें सिटी एसपी ‘साउथ’ और सिटी एसपी ‘नॉर्थ’ शामिल है..
क्यों पड़ी नए पदों की जरूरत
रांची की आबादी और भौगोलिक दायरे में तेजी से विस्तार हुआ हैं . साइबर क्राइम, संगठित अपराध और जमीन से जुड़े विवादों के अनुसंधान के लिए विशेष अधिकारियों की जरूरत महसूस की जा रही थी. एसपी (मुख्यालय एवं अपराध) का पद आने से पुलिसिंग में तकनीकी और रणनीतिक सुधार होगा. जिससे अपराधियों पर नकेल कसना आसान हो जाएगा.


