Hazaribagh: बरकट्ठा थाना क्षेत्र के बरकनगांगो गांव में जंगली हाथियों के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान चिंतामणि साव (पिता- स्वर्गीय भीखन साव) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है.
खेत देखने निकले थे, रातभर नहीं लौटे
जानकारी के अनुसार चिंतामणि साव सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे अपने घर से खेत देखने के लिए निकले थे. देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई. इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.
सुबह गांव के समीप मिला शव
मंगलवार सुबह ग्रामीणों को गांव के समीप चिंतामणि साव का शव पड़ा मिला. शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि जंगली हाथियों के झुंड ने उन्हें कुचलकर मार डाला. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए.
लगातार विचरण कर रहा है हाथियों का झुंड
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से जंगली हाथियों का झुंड बरकनगांगो और आसपास के क्षेत्रों में लगातार विचरण कर रहा है. हाथियों की मौजूदगी से किसानों और ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है. लोग खेतों में जाने से भी डर रहे हैं.
वन विभाग जांच में जुटा
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है.
ग्रामीणों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को आबादी से दूर खदेड़ने, नियमित निगरानी करने और प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है.
