Jamtara: नारायणपुर अंचल क्षेत्र के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जामुनियाचौक में मंगलवार को स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया. गठन की पूरी प्रक्रिया पर्यवेक्षक त्रिलोचन राय की देखरेख में पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई. बैठक में अभिभावकों, ग्रामीणों और विद्यालय से जुड़े लोगों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से नई समिति का चयन किया गया.समिति में संपा देवी को अध्यक्ष, अनाथ मंडल को उपाध्यक्ष तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक सदानंद मंडल को सदस्य सचिव (संयोजक) बनाया गया.

इसके अलावा अभिभावकों और स्थानीय प्रतिनिधियों को समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया गया, ताकि विद्यालय के विकास कार्यों में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. बैठक में पर्यवेक्षक त्रिलोचन राय ने स्कूल प्रबंधन समिति की भूमिका और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, छात्रों की नियमित उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की निगरानी, स्वच्छता व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर नजर रखना है.
ग्रामीणों ने भी नई समिति से विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की जताई अपेक्षा
समिति विद्यालय और अभिभावकों के बीच समन्वय स्थापित करने का भी कार्य करेगी. नवनिर्वाचित अध्यक्ष संपा देवी ने कहा कि समिति विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करेगी. बच्चों की शिक्षा, अनुशासन और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी तथा आवश्यक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा. बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने, नामांकन बढ़ाने, ड्रॉपआउट रोकने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया. ग्रामीणों ने भी नई समिति से विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई.
ALSO READ : जामताड़ा : झारखंड आंदोलनकारियों ने समान पेंशन और 20% क्षैतिज आरक्षण की मांग उठाई
