कोडरमा : पंचायत स्तर के आंकड़ों के वैज्ञानिक विश्लेषण से विकास योजनाओं को बनाया जाएगा अधिक प्रभावी

Koderma : नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत कोडरमा जिले में NITI TARA (Transformation, Action, Results and Analytics) का...

Koderma : नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम के अंतर्गत कोडरमा जिले में NITI TARA (Transformation, Action, Results and Analytics) का शुभारंभ किया गया. समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर समाहर्ता संजय पीएम कुजूर की उपस्थिति में इस पहल की शुरुआत की गई.

NITI TARA से पंचायत विकास को मिलेगी नई दिशा: अपर समाहर्ता

अपर समाहर्ता ने कहा कि NITI TARA पंचायत स्तर पर उपलब्ध आंकड़ों के वैज्ञानिक विश्लेषण के माध्यम से विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी, समावेशी और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. इसके माध्यम से पंचायतों में स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल, स्वच्छता, आवास, आजीविका सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का समग्र आकलन किया जाएगा. इससे योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी.

स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार होंगी ग्राम पंचायत विकास योजनाएं

उन्होंने कहा कि यह प्रणाली विशेष रूप से पिछड़े क्षेत्रों, वंचित परिवारों, सेवाओं से वंचित बस्तियों तथा विकास संबंधी कमियों की पहचान करने में सहायक सिद्ध होगी. उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर ग्राम पंचायत विकास योजनाओं को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाया जा सकेगा. इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा, संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय तथा समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में भी यह प्रणाली महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

मरकच्चो और जयनगर से शुरू होगी NITI TARA की शुरुआत

कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रारंभिक चरण में NITI TARA का संचालन जिले के आकांक्षी प्रखंड मरकच्चो और जयनगर में किया जाएगा. दोनों प्रखंडों में सफल क्रियान्वयन के उपरांत इसे चरणबद्ध तरीके से जिले के अन्य प्रखंडों, पंचायतों और संबंधित विभागों तक विस्तारित किया जाएगा. कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक अजय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुजूर सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और आकांक्षी प्रखंडों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

Also Read : पलामू :  रामपुर हत्याकांड पुलिस दबिश के बाद नामजद आरोपी ने किया आत्मसमर्पण

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *