Ranchi/Jamshedpur: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र के बामनगोड़ा स्थित केनरा बैंक में एक करोड़ 10 लाख 48 हजार रुपये के गबन का मामला प्रकाश में आया है. यह धोखाधड़ी गोल्ड लोन के नाम पर की गई है. मामले का खुलासा बैंक के ऑडिट में हुआ, जिसके बाद बिष्टुपुर स्थित रीजनल कार्यालय के अधिकारी एम. रामा नाथन के बयान पर आजादनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
पुलिस ने पांच अधिकारियों व कर्मियों को बनाया नामजद आरोपी
पुलिस ने इस मामले में बैंक के ही पांच अधिकारियों व कर्मियों को नामजद आरोपी बनाया है. इनमें पूर्व सीनियर मैनेजर मोहम्मद शारिब, गोल्ड लोन ऑफिसर इमरान खान, प्रोबेशनरी ऑफिसर रिया घोष, सूरज टुडू और तत्कालीन शाखा प्रबंधक अनुज टोप्पो शामिल हैं. दर्ज शिकायत के अनुसार, गबन के इस पूरे खेल को बीते वर्ष 12 जून 2024 से 18 जून 2024 के बीच महज छह दिनों के भीतर अंजाम दिया गया. आरोपियों ने मिलीभगत कर गोल्ड लोन के नियमों को ताक पर रखकर बैंक को सवा करोड़ रुपये का चूना लगाया.
लोन से जुड़े दस्तावेजों की हो रही जांच
आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया, कि बैंक प्रबंधन की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लोन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
