Jamtara: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के बैनर तले बुधवार को जामताड़ा के इंदिरा चौक पर जिलाध्यक्ष राजाराम उर्फ मनतोष कुमार महतो के नेतृत्व में छात्र हितों, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में केंद्र सरकार का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष मनतोष कुमार महतो ने कहा कि देशभर के लाखों छात्र-युवा निष्पक्ष परीक्षा और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट (NEET) समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है. उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि योग्य अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिले तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए.
JPSC भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की उठाई मांग
वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का अधिकार है. उन्होंने सोनम वांगचुक के आंदोलन के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान किया जाना चाहिए.
JLKM नेताओं ने कहा कि झारखंड में भी पार्टी लंबे समय से JPSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाती रही है. उन्होंने बताया कि 21 जुलाई को डुमरी विधायक एवं JLKM के केंद्रीय अध्यक्ष जयराम कुमार महतो ने राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर JPSC भर्ती प्रक्रिया की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराने की मांग की थी. उनका कहना था कि युवाओं का भविष्य किसी भी प्रकार की अनियमितता की भेंट नहीं चढ़ना चाहिए.
मांगों की अनदेखी पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, भर्ती प्रक्रियाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए तथा छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी जारी रही तो JLKM लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर अपना आंदोलन आगे भी जारी रखेगा.
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “पेपर लीक बंद करो”, “शिक्षा में भ्रष्टाचार बंद करो”, “छात्र एकता जिंदाबाद” और “छात्रों पर लाठीचार्ज बंद करो” जैसे नारे लगाए. इस मौके पर जिला महासचिव बृजेश राउत, रिजाउल अंसारी, सचिव अशोक घोष, वरीय उपाध्यक्ष बबलू महतो, सचिव नजरुल अंसारी, जाकिर अंसारी, अर्जुन मंडल, जिला मीडिया प्रभारी प्रकाश महतो, अजय राउत, आरजू खान, राजकिशोर महतो, उज्जल कुमार, मंजय कुमार, रितेश पॉल, प्रेम कुमार, समीर हसन खान, भगीरथ राणा, छोटे कुमार, देवनारायण राय, अजय कुमार, तपन कुमार, राजू यादव, विशाल मिर्धा, कृष्णा कुमार, बिजय मंडल सहित बड़ी संख्या में छात्र, युवा, पार्टी कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे.
ALSO READ: गिरिडीह में दिनदहाड़े दबंगई, विरोध करने पर परिवार पर हमला, युवती को जबरन कार में बैठाने की कोशिश
