Giridih: शहर के भंडारीडीह इलाके में सड़क पर हुए एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि गड्ढे का पानी उछलने का विरोध करने पर कार सवार दबंगों ने एक परिवार के साथ मारपीट की, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया और एक युवती को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश की. हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से युवती को सुरक्षित बचा लिया गया.
कार सवार लोगों ने शुरू कर दी मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने बेटे और बेटी के साथ सड़क से गुजर रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक कार गड्ढे का पानी उछालते हुए निकली, जिससे तीनों पूरी तरह भीग गए. महिला ने इसका विरोध किया तो कार सवार कुछ लोग वाहन से उतर गए और उनके बेटे के साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट शुरू कर दी. परिजनों का आरोप है कि जब महिला और उनकी बेटी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया. इसी दौरान युवती को जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया गया. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी युवती को छोड़कर मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर सभी आरोपों की जांच की जा रही है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में लोगों में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
