Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित DVC के पावर प्लांट में पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत बुधवार को सप्लाई मजदूर यूनियनों के संयुक्त मोर्चा के बैनर तले मजदूरों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर चीफ जीएम सह एचओपी के कार्यालय तकनीकी भवन के समक्ष जोरदार प्रदर्शन एवं सभा की. सभा की अध्यक्षता ब्रज किशोर सिंह ने की.
सभा को संबोधित करते हुए मजदूर नेताओं नवीन पाठक, गणेश राम, रघुवर सिंह, संजय मिश्र और नागेश्वर महतो ने कहा कि डीवीसी प्रबंधन ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस में कार्यरत सप्लाई मजदूरों की मांगों के प्रति पूरी तरह उदासीन रवैया अपनाए हुए है. पिछले एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी स्मार्ट मीटर का मामला पेंडिंग है. वक्ताओं ने कहा कि प्रबंधन स्थायी कर्मियों को ऊर्जा भत्ता देते हुए उनके वेतन से बिजली बिल काटता है, जबकि सप्लाई मजदूरों को प्रीपेड सिस्टम में बिजली उपयोग करने पर मजबूर किया जा रहा है. इसी तरह सेवानिवृत्त होने पर मजदूरों की ग्रेच्युटी राशि से आवास किराए का 40 से 60 गुना तक पैनल रेंट काटा जा रहा है, जो ग्रेच्युटी एक्ट 1972 का सीधा उल्लंघन है.
सुरक्षा व्यवस्था और खराब लिफ्ट को लेकर भी उठाए सवाल
सभा की अध्यक्षता कर रहे ब्रज किशोर सिंह ने कहा कि समुचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण सप्लाई मजदूर प्लांट में अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को मजबूर हैं. टीपी-3 की लिफ्ट पिछले चार-पांच महीनों से खराब पड़ी है, जिससे सभी मजदूरों को काम पर जाने में भारी परेशानी हो रही है, लेकिन प्रबंधन का इस ओर कोई ध्यान नहीं है.
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रबंधन ने मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया, तो 12 अगस्त को परियोजना प्रधान कार्यालय के समक्ष विशाल धरना दिया जाएगा. इसके लिए अभी से ही मजदूरों को आंदोलन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया गया.
प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना प्रधान को सौंपा मांग पत्र
सभा के अंत में संयुक्त मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रधान एचओपी से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा. मांग पत्र में मुख्य रूप से स्थायी कर्मचारियों की तर्ज पर प्रीपेड मीटर को पोस्टपेड में परिवर्तित करने, ऊर्जा भत्ता देने, वेतन से बिजली बिल की कटौती करने, सेवानिवृत्त मजदूरों की ग्रेच्युटी से पैनल हाउस रेंट की कटौती बंद करने, सप्लाई मजदूरों को आवंटित आवासों की मरम्मत कराने, रिक्त आवासों को अनाधिकृत कब्जे से मुक्त कराने, कॉलोनी में अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाने तथा सप्लाई मजदूरों को एफ-टाइप आवास आवंटित करने जैसी मांगें शामिल हैं. प्रतिनिधिमंडल में यूनियन की ओर से ब्रज किशोर सिंह, नवीन पाठक, संजय मिश्र, गणेश राम, असीम तिवारी, रघुवर सिंह व नागेश्वर महतो शामिल थे, जबकि प्रबंधन की ओर से वरीय प्रबंधक पार्थ सारथी मुखर्जी एवं एचआर प्रबंधक सुनील कुमार उपस्थित रहे. वार्ता के दौरान परियोजना प्रधान ने मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया.
प्रदर्शन के दौरान आबिद परवेज, अलीमुद्दीन, बिनोद कुमार, अनिल सिंह, मो. मुन्नाफ, अंजनी दीक्षित, महेंद्र राम, तरुण गुप्ता, अमरनाथ सिंह, मदन डे, शांति देवी, मीना देवी, धनेश्वर महतो, मुंशी प्रसाद, संतोष पंडा, प्रदीप कुमार, नंदलाल प्रसाद, विष्णु गोस्वामी, सरजू ठाकुर, हरपाल सिंह, मुस्सेरफ खान, मो. चिराग, संजय रावत, इंद्रदेव यादव और बच्चू घासी सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे.
ALSO READ: जामताड़ा: SIR अभियान में 100% डिजिटाइजेशन पूरा करने वाले BLO और सुपरवाइजर सम्मानित
