Ranchi: देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा, यहां झारखंड के होनहारों ने हर जगह अपनी क्षमता का लोहा मनवाया है. इसी कड़ी में झारखंड के एक और लाल ने इतिहास रचते हुए राज्य का नाम पूरे देश में रोशन किया है. धनबाद के रहने वाले 1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक कुमार वर्णवाल को मध्य प्रदेश का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है. यह उपलब्धि सिर्फ एक अधिकारी की पदोन्नति नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि झारखंड की प्रतिभाएं अन्य राज्यों की ब्यूरोक्रेसी के सर्वोच्च शिखरों को छू रही हैं.
सुनील कुमार कुजूर ने छत्तीसगढ़ में रचा था इतिहास
यह पहली बार नहीं है जब झारखंड के किसी अधिकारी ने दूसरे राज्य की नौकरशाही की कमान संभाली हो. इससे पहले, रांची के पत्थलकुदवा के रहने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुनील कुमार कुजूर छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. सुनील कुमार कुजूर ने छत्तीसगढ़ में कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी और अपर मुख्य सचिव वाणिज्य, उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम विभाग में भी सेवाएं दी.
झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत
चाहे रांची के सुनील कुमार कुजूर हों या धनबाद के अशोक कुमार वर्णवाल इन दोनों वरिष्ठ अधिकारियों की यह सफलता झारखंड के उन हजारों युवाओं के लिए एक मिसाल की तरह है, जो संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे हैं. इन अधिकारियों ने यह साबित कर दिया है कि झारखंड के युवाओं में न केवल राज्य, बल्कि पूरे देश की प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देने का सामर्थ्य है.
Also Read: धनबाद के लाल ने रचा इतिहास, IIT-ISM के पूर्व छात्र अशोक बर्णवाल बने मध्य प्रदेश के चीफ सेक्रेट्री
