गुमला: खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन! यूनिक बेकरी में गंदगी मिलने पर जुर्माना, शहरभर में चली छापेमारी

Gumla: खाद्य सुरक्षा मानकों और जनस्वास्थ्य से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष...

Gumla
गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन

Gumla: खाद्य सुरक्षा मानकों और जनस्वास्थ्य से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए गुमला में खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया. अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर और आशा राज ने किया. इस दौरान शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, चाट-ठेलों, किराना दुकानों तथा थोक एवं खुदरा बेकरी प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया.

खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षित भंडारण, खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण, उत्पादों की एक्सपायरी तिथि और लेबलिंग संबंधी प्रावधानों की विस्तार से जांच की. साथ ही सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.

यूनिक बेकरी में गंदगी मिलने पर लगाया गया जुर्माना

अभियान के दौरान यूनिक बेकरी में स्वच्छता मानकों का गंभीर उल्लंघन पाया गया. इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रतिष्ठान पर अर्थदंड लगाया गया. विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता के मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

कई अन्य प्रतिष्ठानों को भी दी गई सख्त चेतावनी

निरीक्षण के दौरान कई अन्य प्रतिष्ठानों में भी स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में कमियां पाई गईं. संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए. सड़क किनारे संचालित चाट एवं फास्ट फूड विक्रेताओं को खाद्य सामग्री को पूरी तरह ढककर रखने, वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थों को अलग-अलग रखने, खाने में अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने तथा खाद्य सामग्री परोसने या पैक करने के लिए समाचार पत्र का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए.

कोटपा अधिनियम के तहत भी हुई जांच

अभियान के दौरान कोटपा अधिनियम, 2003 एवं संशोधित अधिनियम, 2021 के तहत सार्वजनिक स्थलों और दुकानों का भी निरीक्षण किया गया. अधिकारियों ने दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों की बिक्री और प्रदर्शन से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी भी दी.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे संयुक्त निरीक्षण और छापेमारी अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे. विभाग ने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील भी की.

ALSO READ: कोडरमा: परीक्षा प्रणाली की विफलता पर कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *