Koderma: राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव के. सी. वेणुगोपाल के निर्देश पर आयोजित हुआ. अध्यक्षता जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक ने की.
व्यापक सुधार की मांग
धरना से पूर्व कार्यकर्ताओं ने “इंकलाब जिंदाबाद”, “राहुल गांधी जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. बाद में महामहिम राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से स्मार पत्र सौंपा गया. स्मार पत्र में राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली में व्याप्त गंभीर संकट की नैतिक और प्रशासनिक जवाबदेही तय करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने,अनियमितताओं की स्वतंत्र उच्चस्तरीय जांच कराने,संसद में चर्चा कराने, शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज मामले वापस लेने और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की गई.
परीक्षाओं की निष्पक्षता
प्रदेश महासचिव विजय यादव ने कहा कि परीक्षाओं की निष्पक्षता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है. लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से करोड़ों छात्रों और अभिभावकों में आक्रोश है. दोषियों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए. जिला अध्यक्ष प्रकाश रजक ने कहा कि युवा रियायत नहीं, मेहनत का सम्मान चाहता है. परीक्षा में बार-बार गड़बड़ी संविधान प्रदत्त समान अवसर के अधिकार पर हमला है. उन्होंने कहा कि नैतिक आधार पर शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए. कांग्रेस छात्रों के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी. प्रदेश समन्वयक ईश्वर आनंद ने कहा कि परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना जरूरी है. कार्यक्रम में अज्जू सिंह, मालती चंद्रा, सैयद नसीम, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. संचालन संजय शर्मा ने किया.
AlsoRead:DSPMU में ABVP ने पेन डाउन आंदोलन वापस लेने की मांग की, कुलपति को सौंपा ज्ञापन
