सरहुल पर्व की तैयारियों का प्रशासन ने लिया जायजा, सरना स्थलों का किया निरीक्षण

रांची: आगामी सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है....

रांची: आगामी सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से मनाने के लिए रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. रविवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख सिरम टोली सरना स्थल और हातमा सरना स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने सरना समितियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा स्थल, प्रवेश मार्ग, श्रद्धालुओं के आने-जाने के रास्ते, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. सरना समितियों ने प्रशासन को बताया कि सरहुल के दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु सरना स्थलों पर पहुंचते हैं. इसलिए लाइटिंग, सड़क समतलीकरण, पेयजल, जेनरेटर, मोबाइल शौचालय, बैरिकेडिंग और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था जरूरी है.इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सरहुल झारखंड की आदिवासी संस्कृति और परंपरा का बेहद महत्वपूर्ण पर्व है. इसे पूरे उत्साह और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाता है. जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि यह पर्व पूरी शांति, सुरक्षा और गरिमा के साथ संपन्न हो. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, चिकित्सा सहायता और ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी.वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने बताया कि सरहुल पर्व के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे.

प्रमुख सरना स्थलों और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. इसके साथ ही सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है और जरूरत पड़ने पर कुछ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जाएगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *