Ranchi: रांची पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले एक संगठित गिरोह के छह तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से 7.47 ग्राम ब्राउन शुगर, 6 स्मार्टफोन और कुल 7,470 रुपये नकद बरामद किए हैं. यह कार्रवाई नामकुम थाना क्षेत्र में की गई है. रांची पुलिस को जानकारी मिली थी कि नामकुम में ब्राउन शुगर की तस्करी हो रही है. इसके बाद एक छापेमारी दल का गठन किया गया था. पुलिस को सूचना थी कि नामकुम थाना क्षेत्र के मौलाना आजाद कॉलोनी स्थित अंजुमन इस्लामिया के एक अर्धनिर्मित भवन के पीछे कुछ युवक अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं.

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, खदेड़कर छह को पकड़ा
पुलिस की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, ब्राउन शुगर की तस्करी करने वाले युवक पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस ने खदेड़कर छह तस्करों को धर दबोचा. तलाशी लेने पर उनके पास से अलग-अलग मात्रा में ब्राउन शुगर की पुड़िया, नकद राशि और मोबाइल फोन बरामद हुए. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबाज अंसारी, अली खान, अरबाज, फैजान रजा उर्फ सोनू, सोयेब खान और सेराजुद्दीन अंसारी के रूप में हुई है.
मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस
ब्राउन शुगर तस्कर करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर को 40 पुड़िया में बनाकर लाए थे. इनमें से 14 पुड़िया ग्राहकों को बेची जा चुकी थीं, जबकि बची हुई 26 पुड़िया पुलिस ने जब्त कर लीं. पुलिस अब इस गिरोह के मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है.
ALSO READ: NEET विवाद पर छात्रों का आक्रोश, चतरा में धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन
