Chakradharpur: कराईकेला उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों के बीच सामाजिक कुरीतियों, सड़क सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने छात्रों को कानून की जानकारी देते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया.
डायन-बिसाही कुप्रथा के खिलाफ दी गई जानकारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी प्यारे हसन ने कहा कि डायन-बिसाही जैसी कुप्रथाएं अंधविश्वास पर आधारित हैं, जिनका सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति, खासकर महिलाओं को डायन बताकर प्रताड़ित करना कानूनन अपराध है.उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अंधविश्वास के बजाय वैज्ञानिक सोच को अपनाएं.
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
थाना प्रभारी ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया. उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करना चाहिए. उन्होंने तेज रफ्तार, लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की अपील करते हुए कहा कि छोटी-सी गलती भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है.
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
नशामुक्ति पर प्रकाश डालते हुए प्यारे हसन ने कहा कि शराब और अन्य मादक पदार्थ युवाओं के भविष्य, परिवार और समाज को नुकसान पहुंचाते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और अच्छे संस्कारों को अपनाने की अपील की.उन्होंने छात्रों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभाव, सड़क सुरक्षा और डायन-बिसाही जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया.
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल, थाना प्रभारी ने दिए जवाब
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक मुद्दों और कानून से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने विस्तार से जवाब दिया. विद्यालय परिवार ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में सामाजिक चेतना, कानूनी जानकारी और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं. इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका नूर बागे समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.
ALSO READ : NEET विवाद पर छात्रों का आक्रोश, चतरा में धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन
