Koderma: धनबाद मंडल में बड़े पैमाने पर टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 23 जुलाई को धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया. यह टिकट चेकिंग अभियान सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दिन-रात चलाया गया. इस जांच अभियान के परिणामस्वरूप 688 यात्रियों को पकड़ा गया, जिसमें बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्री, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्री और बिना बुक किए गए सामान के साथ यात्रा कर रहे यात्री शामिल थे. इस दौरान उनसे 6,45,315 रुपये जुर्माने के रूप में वसूले गए तथा पकड़े गए यात्रियों को उचित टिकट के साथ यात्रा करने की कड़ी हिदायत दी गई.
स्टेशनों और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में हुई जांच
चेकिंग टीमों द्वारा स्टेशनों एवं विभिन्न मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में भी चेकिंग की गई. धनबाद मंडल द्वारा निरंतर टिकट जांच की जा रही है तथा भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा. टिकट जांच अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई. धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों को उचित टिकट के साथ प्लेटफॉर्म में प्रवेश करने की सलाह दी है. साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि उनके पास जिस श्रेणी का टिकट है, उसी श्रेणी में यात्रा करें.
ALSO READ: कोडरमा: यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू
