Palamu: जिले के हुसैनाबाद वनमंडल क्षेत्र अंतर्गत जरही के कुर्मीपुर और सोहया पहाड़ के आसपास बड़े पैमाने पर कोयले की डंपिंग होने की चर्चा है. सूत्रों के अनुसार, यहां ट्रकों से भारी मात्रा में कोयला लाकर लंबे समय से भंडारण किया जा रहा है. हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट और आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह डंपिंग पूरी तरह वैध है या अवैध.स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि इलाके में लंबे समय से कोयले की लोडिंग और अनलोडिंग का काम लगातार जारी है. मौके की तस्वीरों में भी बड़ी मात्रा में कोयले का भंडारण और आसपास ट्रकों की आवाजाही दिखाई दे रही है, जिससे यहां नियमित गतिविधियों का अंदाजा लगाया जा सकता है.
जिला खनन पदाधिकारी को जानकारी नहीं!
हालांकि, इस स्तर पर यह दावा नहीं किया जा सकता कि पूरा कारोबार अवैध है. लेकिन यदि जांच में यह भंडारण नियमों के विपरीत पाया जाता है, तो यह कोयले की बड़े पैमाने पर चोरी और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने का मामला हो सकता है.हैरानी की बात यह है कि जिला खनन पदाधिकारी ने इस मामले की जानकारी नहीं होने की बात कही है. उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन और संबंधित अंचलाधिकारी से जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि इतने बड़े पैमाने पर कोयले की डंपिंग हो रही है, तो संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन की नजर अब तक इस पर क्यों नहीं पड़ी. यदि जांच में अनियमितता सामने आती है, तो सरकारी राजस्व की सुरक्षा और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई जरूरी होगी.
