Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है. उपायुक्त और अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इस दौरान 46 लीटर अवैध चुलाई शराब भी जब्त की गई.
उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के बालजोरी, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कौआबासा और दूंबीसाईं तथा चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के आसंतलिया में छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान अवैध चुलाई शराब की बिक्री करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. सभी आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
लाइसेंसी शराब दुकानों का भी हुआ औचक निरीक्षण
DC के निर्देश पर चक्रधरपुर स्थित पवन चौक (अनुज्ञप्ति संख्या-039_COM_WES_25-26) और हनुमान चौक (अनुज्ञप्ति संख्या-041_COM_WES_25-26) स्थित कंपोजिट शराब दुकानों का भी औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को निर्धारित एमआरपी पर ही शराब बेचने, अनुज्ञप्ति की सभी शर्तों का पालन करने और नियमों के अनुरूप दुकान संचालन करने का निर्देश दिया गया. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
ALSO READ: कोडरमा : ऑपरेशन ऑल आउट-3 में 38 वारंटी-फरार अभियुक्त गिरफ्तार, 20 साल से फरार बंधु मेहता भी धराया
